कथारा: सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को कथारा ऑफिसर्स क्लब में सीसीएल की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना तथा मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना था।
इसका उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) अनूप हंजुड़ा ने किया। मौके पर कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह, वाशरी के महाप्रबंधक समेत कई अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। निदेशक ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
शिविर में एसओ सेफ्टी राज कुमार बरनवाल, एसओ सिक्योरिटी अजीत कुमार सिंह, परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार व प्रबीर सेनगुप्ता, ऋषभ अमन, तबरेज आलम, जीबीन कुरियाकोस, एसओ एमएम विक्रम कुमार, अनुराग कुमार, आनंद शरण, एमडी इकबाल अहमद सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान अभियान में डीएवी कथारा एवं डीएवी स्वांग के विद्यार्थियों व कर्मियों ने भी सहभागिता की। उनकी सहभागिता से शिविर को व्यापक रूप मिला और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश गया। शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया गया।
चिकित्सा व्यवस्था डॉ. निशा टोप्पो एवं उनकी टीम ने संभाली। आयोजन के समन्वय में मैनेजमेंट ट्रेनी (एचआर) अनुराग कुमार, सबा मखदूम, विक्रम एवं अमित टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर का आयोजन महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद के साथ समाज में मानवता और सेवा की भावना को भी मजबूत किया जा सकता है।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
