Home » News Update » सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी को लेकर डीएवी कथारा में विशेष पीटीएम, प्राचार्य ने नियमित पढ़ाई पर दिया जोर

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारी को लेकर डीएवी कथारा में विशेष पीटीएम, प्राचार्य ने नियमित पढ़ाई पर दिया जोर

कथारा: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में रविवार को कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति और बोर्ड परीक्षा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-1 के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने अभिभावकों का स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कक्षा 12वीं विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। बोर्ड परीक्षा उनके भविष्य की दिशा निर्धारित करने में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में नियमित उपस्थिति, अनुशासन, एकाग्रता और निरंतर अध्ययन बेहद जरूरी है।

 

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल विद्यालय और शिक्षकों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें अभिभावकों की सक्रिय भूमिका भी महत्वपूर्ण है। प्राचार्य ने बताया कि कमजोर विषयों में विद्यार्थियों की मदद के लिए विद्यालय में रेमेडियल कक्षाएं संचालित की जाएंगी, ताकि उनकी शैक्षणिक कमियों को दूर कर परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जा सके।

 

बैठक में विषयवार शिक्षकों ने विद्यार्थियों की प्रगति और बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर अभिभावकों के साथ चर्चा की। वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, सैबाल मुखर्जी एवं राहुल बनर्जी सहित अन्य शिक्षकों ने बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए नियमित अभ्यास, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन कौशल और पाठ्यक्रम के निरंतर पुनरावृत्ति की आवश्यकता बताई।

 

इस दौरान अभिभावकों ने भी अपने सुझाव और विचार साझा किए। शिक्षकों एवं अभिभावकों के बीच विद्यार्थियों की समस्याओं, पढ़ाई के स्तर में सुधार और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि नियमित उपस्थिति और अनुशासित दिनचर्या ही बेहतर परीक्षा परिणाम की मजबूत आधारशिला है।

 

अंत में हिंदी शिक्षिका आराधना ने धन्यवाद ज्ञापन किया। संस्कृत शिक्षक डॉ. तेजो मित्रा पाठक एवं चंद्रकांत साहू के शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, शिवप्रकाश सिंह, राहुल कुमार, संजय महतो, सुमन कुमारी, खुशबू कुमारी, अश्विनी कुमार, संगीत कुमार, अनिर्बान दास, अमरनाथ यादव सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

विद्यालय प्रबंधन ने इस बैठक को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 में बेहतर परिणाम हासिल करने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal