शिक्षा से आदिवासी समाज में आएगी शक्ति और सकारात्मक बदलाव : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
ललपनिया (बोकारो): ललपनिया स्थित लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित दो दिवसीय राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन का समापन समारोह मंगलवार को आयोजित हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज से शिक्षा के प्रति जागरूक होने, अपने संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों को समझने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए एकजुट और संगठित होने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से परिपूर्ण राज्य है। यहां से निकलने वाले खनिजों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन विडंबना है कि जिन आदिवासियों की जमीन से खनिज संपदा निकाली जा रही है, वही समाज आज भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के उत्थान के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा। झारखंड की खनिज संपदा पर यहां के लोगों की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा को समाज की तरक्की का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षा से समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव आएगा। शिक्षित युवा ही अपने समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
देश का महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र बनेगा लुगू बुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसके विकास से आदिवासी समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आकर आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को करीब से जान सकेंगे।
आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करेगा संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी में संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य आदिवासी समाज की ऐतिहासिक पहचान, पारंपरिक जीवनशैली और पौराणिक धरोहरों को संरक्षित करना है। संग्रहालय के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझ सकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है और यहां श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर भी कहा कि राज्य सरकार इसके लिए प्रयासरत है। वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना को देखते हुए समाज के लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।
शिबू सोरेन और रूपी सोरेन की स्मृति में खिचड़ी प्रसाद
मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव के अवसर पर उनके दिवंगत पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन एवं माता रूपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद वितरण किया जा रहा है।
बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
ललपनिया पहुंचने पर मुख्यमंत्री को हेलीपैड पर जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, राज्य मंत्री फागू बेसरा, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, विधायक उमाकांत रजक, ऊर्जा विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष लोबिन मुर्मू सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा, बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल से आए प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
