औरंगाबाद: जिले में विकास कार्यों को गति देने एवं महत्वपूर्ण परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को बिहार सरकार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के सभी जिलाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान औरंगाबाद की जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं।
बैठक में जिले से संबंधित चार प्रमुख परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बिहटा–अनुग्रह नारायण रोड रेल लाइन परियोजना पर विशेष चर्चा
बैठक में 117.06 किलोमीटर लंबी बिहटा–अनुग्रह नारायण रोड नई रेल लाइन परियोजना की समीक्षा की गई। इस परियोजना के माध्यम से पटना, अरवल, जहानाबाद एवं औरंगाबाद जिलों को रेल संपर्क से जोड़ने का प्रावधान है। परियोजना की संशोधित लागत 3,606.42 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है तथा इसके सितंबर 2030 तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, औरंगाबाद टर्मिनल से अनुग्रह नारायण रोड तक 12.906 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना पर भी चर्चा हुई। 440.59 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का उद्देश्य औरंगाबाद शहर को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ना है। इसके लिए सात मौजों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के तहत धारा 20E के अंतर्गत प्रकाशन की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। भू-धारकों को धारा 20F के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन किया जा रहा है। बैठक में अधिग्रहित भूमि का हस्तांतरण शीघ्र सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नॉर्थ कोयल जलाशय परियोजना से सिंचाई को मिलेगी सुविधा
औरंगाबाद एवं गया जिले के सूखाग्रस्त क्षेत्रों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने वाली नॉर्थ कोयल जलाशय परियोजना की भी समीक्षा की गई। इस परियोजना की कुल लागत 1,367.61 करोड़ रुपये है तथा इसकी संशोधित पूर्णता तिथि 30 जून 2027 निर्धारित की गई है। इसके तहत राइट मेन कैनाल के जीर्णोद्धार, लाइनिंग एवं वितरण प्रणाली के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। औरंगाबाद जिले में परियोजना के लिए कुल 41.251 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कर कब्जा प्राप्त किया जा चुका है।
मार्च 2027 तक पूरी होगी शहरी जलापूर्ति परियोजना
अमृत 2.0 योजना के तहत औरंगाबाद शहरी जलापूर्ति परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस योजना के अंतर्गत सोन नदी से सतही जल को मजुराही स्थित क्लियर वाटर रिजर्वायर तक लाया जाएगा। इसके बाद पानी को महाराणा प्रताप चौक पर निर्माणाधीन मास्टर रिजर्वायर तक पहुंचाकर शहर के घरों में पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
जल संसाधन विभाग की ओर से बैठक में बताया गया कि परियोजना की समग्र भौतिक प्रगति 81.69 प्रतिशत हो चुकी है। इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना पूरी होने से औरंगाबाद शहर के लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने जिले की सभी संबंधित परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति एवं भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों की जानकारी साझा की। मुख्य सचिव ने परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा लंबित प्रक्रियाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, वरीय उप समाहर्ता रितेश यादव, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अविनाश कुमार की रिपोर्ट,
