Ranchi : धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के परपोते मंगल मुंडा नही रहे। बीती देर रात करीब साढ़ बारह बजे इलाज के दौरान रिम्स में उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगल मुंडा 25 नवंबर को सड़क दुर्घटना में गभीर रूप से घायल हो गये थे। CM हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद उनका इलाज रिम्स में चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार खूंटी के उलिहातु गांव में होगा।
मंगल मुंडा के निधन की फैली खबर के बाद आदिवासी समुदाय के लोगों में शोक की लहर है। झारखंड के गवर्नर संतोष गंगवार और CM हेमंत सोरेन ने भी दुख जताया है। गवर्नर संतोष गंगवार ने अपने X हैंडल पर लिखा कि “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”
वहीं, CM हेमंत सोरेन ने अपने X हैंडल पर लिखा कि “रिम्स में इलाजरत भगवान बिरसा मुंडा के वंशज श्री मंगल मुंडा जी के निधन की खबर से अत्यंत दुखी हूं। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दें।”
साथ ही मंगल मुंडा के निधन पर लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष पद्मभूषण कड़िया मुंडा, तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया, खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा और नीलकंठ सिंह मुंडा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
यहां याद दिला दें कि बीते 25 नवंबर को मंगल मुंडा खूंटी-तमाड़ रोड में रोड एक्सीडेंट का शिकार हो गये थे। उनके सिर पर गंभीर चोट आयी थी। इसके बाद उनको बेहतर इलाज के लिए रिम्स लाया गया था। 26 नवंबर को डॉक्टरों की टीम ने उनका इलाज करना शुरू किया। उन्हें आईसीयू में रखा गया था। बीती देर रात उनका निधन हो गया।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
