विधायक रौशन लाल चौधरी द्वारा नारियल फोड़कर उदघाटन।
पतरातू: पतरातू थर्मल स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दो दिवसीय वार्षिक खेल कूद महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय विधायक रौशन लाल चौधरी, कटिया पंचायत के मुखिया किशोर कुमार महतो, अध्यक्ष मनोज कुमार साहू, सचिव सूरज प्रसाद, प्राचार्य सुरेंद्र कुमार पाठक के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती माता, ॐ एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। विधायक रौशन लाल चौधरी ने हनुमान जी के प्रतिमा के समक्ष नारियल फोड़कर महोत्सव का शुभारंभ किए। अतिथि परिचय प्राचार्य सुरेंद्र कुमार पाठक के द्वारा किया गया। मंच संचालन अशोक कुमार सिंह के द्वारा किया गया। नित्य वंदना के पश्चात मंचासीन अतिथियों विधायक रौशन लाल चौधरी, हेसला पंचायत के मुखिया बीरेंद्र झा, कटिया पंचायत के मुखिया किशोर कुमार महतो को विद्यालय समिति की ओर से शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। दो दिवसीय महोत्सव में पहले दिन एथलेटिक्स में शिशु, बाल, किशोर एवं तरुण वर्ग में 100 मी, 200 मी एवं 400 मी दौड़ की प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में भाग लेकर सभी भैया बहन काफी उत्साहित थे। भैया बहन तालियां बजाकर प्रतियोगी छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन कर रहे थे। विधायक रौशन लाल चौधरी ने कहा कि वे शुरुआत से ही इस संस्था से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि खेल कूद छात्र जीवन का अभिन्न अंग है। खेल कूद से न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि मानसिक रूप से भी लाभ मिलता है। खेल कूद की सारी प्रतियोगिताएं शारीरिक शिक्षक उदय मिश्रा के संरक्षण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रौशन लाल चौधरी हेसला पंचायत के मुखिया बीरेंद्र झा, कटिया पंचायत के मुखिया किशोर कुमार महतो, अध्यक्ष मनोज कुमार साहू, सचिव सूरज प्रसाद, सह सचिव संजीत कुमार, समाजसेवी सह समिति सदस्य अनिता जैन, प्राचार्य सुरेंद्र कुमार पाठक एवं समस्त आचार्य गण उपस्थित थे।
गुलाम सरवर की खास रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
