कथारा: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) के मार्गदर्शन तथा सतर्कता जागरूकता अभियान 2025 — “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” के अंतर्गत आज कथारा क्षेत्र में शिकायत समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों, उनके परिजनों, संविदा कर्मियों एवं अन्य हितधारकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना था।
शिविर में कथारा क्षेत्र से कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सीएमपीएफ, पेंशन, सेवानिवृत्ति से संबंधित बकाया, सेवा एवं रोजगार संबंधी विषय तथा संविदा कर्मियों की चुनौतियाँ प्रमुख थीं। कई प्रकरणों का समाधान स्थल पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु दर्ज किया गया।
महाप्रबंधक, कथारा क्षेत्र संजय कुमार ने कहा — “सीसीएल सदैव अपने कर्मचारियों और हितधारकों की समस्याओं का समय पर एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह शिविर केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं है, बल्कि विश्वास निर्माण की प्रक्रिया भी है। ‘सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी’ हमें यह सिखाता है कि संगठन की मजबूती तभी संभव है जब पारदर्शिता, जिम्मेदारी और ईमानदारी हमारे कार्यसंस्कृति का हिस्सा हों।”
इस अवसर पर सीसीएल मुख्यालय, रांची से अशोक कुमार, निदेशक (मानव संसाधन) के तकनीकी सचिव सह महाप्रबंधक (मानव संसाधन), संजय कुमार, महाप्रबंधक, कथारा क्षेत्र, गौतम चौधरी, मुख्य प्रबंधक, (मानव संसाधन/समाधान सेल), मधुरी मडके, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), चंदन कुमार (नोडल अधिकारी, सतर्कता जागरूकता अभियान) तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह पहल सतर्कता जागरूकता अभियान 2025 की मूल भावना — “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी” — के अनुरूप समाधान-केंद्रित कार्यसंस्कृति और कर्मचारी-हितैषी दृष्टिकोण को बढ़ावा देती है, जो संगठन और कर्मचारियों के बीच विश्वास व सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980