Home » News Update » लगातार सीसीएल स्वांग वाशरी में चोरों का आतंक, हथियार के बल पर डेढ़–दो लाख की चोरी

लगातार सीसीएल स्वांग वाशरी में चोरों का आतंक, हथियार के बल पर डेढ़–दो लाख की चोरी

पुलिस पर फायरिंग, दोबारा लौटकर वारदात; सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

गोमिया: सीसीएल कथारा क्षेत्र अंतर्गत स्वांग वाशरी में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की रात्रि हथियार से लैस चोरों ने परियोजना क्षेत्र में घुसकर करीब डेढ़ से दो लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।

परियोजना पदाधिकारी मोहन बाबू ने बताया कि जानकारी के अनुसार करीब 35 से 40 की संख्या में चोर रात लगभग 11 बजे स्वांग वाशरी पहुंचे। चोरों ने हथियार का भय दिखाकर सब-स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात कर्मी से जबरन दरवाजा खुलवाया और वहां से लौहा सहित अन्य सामग्री की चोरी कर ली।

घटना की सूचना स्थानीय थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चोरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोर देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच एक बार फिर परियोजना क्षेत्र में लौट आए, जिससे कर्मियों और स्थानीय लोगों में और अधिक दहशत फैल गई।

कर्मीयो ने बताया कि चोरों का आतंक नया नहीं है। इससे एक सप्ताह पूर्व भी इसी वाशरी में 5 से 6 लाख रुपये की चोरी की घटना हुई थी। वहीं इससे पहले एक सिक्योरिटी गार्ड कुलेश्वर के साथ चोरों द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। लगातार हो रही घटनाओं के कारण परियोजना क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चोर पिकअप वाहन में लोहे का सामान एवं अन्य सामग्री लोड कर ले जाते देखे गए। इसके बावजूद अब तक चोर गिरोह पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है।

परियोजना पदाधिकारी मोहन बाबू ने बताया कि सीसीएल प्रबंधन की ओर से स्थानीय थाना में दो बार मामला दर्ज कराया जा चुका है और इस ताजा घटना को लेकर भी मामला दर्ज कराया जाएगा।

लगातार हो रही चोरी, हथियारों का प्रयोग और पुलिस पर फायरिंग की घटनाओं ने सीसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और कर्मी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Shamsher Editor in chief
Author: Shamsher Editor in chief

14/08/1980

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal