फुसरो:- राम रतन हाई स्कूल के सभागार में जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन के प्रति विद्यार्थियों और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से फुसरो नगर परिषद के द्वारा राजकीय राम रतन हाई स्कूल ढोरी में “चित्रांकन प्रतियोगिता” एवं “कैच द रेन” जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने “कैच द रेन” जहाँ भी गिरे, जब भी गिरे, वर्षा जल संचित करें का संदेश देते हुए। जागरूकता रैली एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों ने जल संरक्षण संबंधी बैनर एवं संदेशों के माध्यम से “वर्षा जल संचयन” के महत्व को रेखांकित किया तथा लोगों से जल की प्रत्येक बूंद को बचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को “वर्षा जल संचयन” की उपयोगिता, भू-जल स्तर में वृद्धि,जल संकट की रोकथाम तथा दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय परिसर एवं घरों में “वर्षा जल संचयन” प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
फुसरो नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण समय की आवश्यकता है। तथा इसमें विद्यार्थियों की भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। प्रत्येक नागरिक यदि वर्षा जल के संरक्षण का संकल्प ले, तो भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित जल संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी छात्र छात्राओ एवं शिक्षकों द्वारा जल संरक्षण की शपथ के साथ हुआ।
फुसरो संवाददाता शंकर प्रसाद
