राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अजय कुमार ठाकुर को प्रथम जिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान
बोकारो/पिण्ड्राजोरा: शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), पिण्ड्राजोरा के सभागार में जिला स्तरीय भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के शैक्षणिक विकास, प्रश्न पत्र निर्माण, दक्षता संवर्धन प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन एवं डायट के प्राचार्य सुनील शेखर कुजूर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
समारोह को संबोधित करते हुए डीईओ प्रवीण रंजन ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की मजबूत रीढ़ हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने बोकारो जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
डायट प्राचार्य सुनील शेखर कुजूर ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों की भूमिका और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं समय की मांग के अनुरूप शिक्षकों को लगातार अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करना जरूरी है।
अजय कुमार ठाकुर को प्रथम, विनोद बिहारी विश्वकर्मा को द्वितीय विशेष सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण जिलास्तरीय राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार श्रेणी में चयनित शिक्षकों का सम्मान रहा। उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुन्नू के शिक्षक अजय कुमार ठाकुर को प्रथम जिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया, जबकि विनोद बिहारी विश्वकर्मा को द्वितीय विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया।
दोनों शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं 15,000 रुपये की नकद सम्मान राशि प्रदान की गई। अजय कुमार ठाकुर को RAIL समन्वयक के रूप में योगदान के लिए भी सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर सभागार में मौजूद शिक्षकों एवं अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और साथी शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए और अधिक समर्पण से कार्य करने की प्रेरणा देता है।
RAIL प्रश्न पत्र निर्माण में 92 शिक्षक सम्मानित
जिले में बच्चों की मासिक एवं आवधिक शैक्षणिक प्रगति के मूल्यांकन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से संचालित RAIL (Regular Assessment for Improved Learning) परियोजना के तहत मानक प्रश्न पत्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 92 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र/शॉल प्रदान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण प्रश्न पत्रों के निर्माण से विद्यार्थियों की विश्लेषणात्मक क्षमता विकसित होने के साथ नियमित अध्ययन की आदत को भी बढ़ावा मिलता है।
13 C-CPD मास्टर ट्रेनर भी हुए सम्मानित
शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास के लिए संचालित C-CPD 2025-26 कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में मास्टर ट्रेनर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 13 उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इन शिक्षकों ने जिले के शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धति, डिजिटल शिक्षण सामग्री एवं बाल-केंद्रित अध्यापन तकनीकों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में डायट पिण्ड्राजोरा के व्याख्याता, संकाय सदस्य तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे चयनित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डायट प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने किया। अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
