बेरमो: बेरमो थाना क्षेत्र के करगली बाजार में शुक्रवार सुबह एक लावारिस हालत में क्षतिग्रस्त मारुति कार मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार करगली बाजार निवासी भोली सिंह के घर के पास JH02BH2915 नंबर की सफेद रंग की मारुति कार गुरुवार शाम से ही संदिग्ध अवस्था में खड़ी थी। शुक्रवार सुबह जब लोगों ने करीब से देखा तो कार के अगले हिस्से में जोरदार टक्कर के निशान थे, बोनट बुरी तरह पिचका हुआ था और लाइट टूटी हुई थी। कार को इस हालत में देखकर लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका हुई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बेरमो थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बेरमो पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी कार मालिक के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका।
आशंका जताई जा रही है कि कार कहीं दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद यहां लाकर छोड़ी गई है, ताकि पहचान छुपाई जा सके। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया जा रहा है। मालिक से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि कार हादसे का शिकार हुई है या किसी अन्य कारण से क्षतिग्रस्त हुई है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
