बेरमो: सीसीएल कथारा कोलयरी द्वारा संचालित लोकल आरोएम (लोकल सेल) में विस्थापितों के हक अधिकार की राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और हेराफेरी का मामला सामने आया है। कथारा स्थित बांध पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि एवं विस्थापित आंदोलनकारी बबलू कुमार यादव ने कोल कमेटी, दलालों और बिचौलियों पर लाखों रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने
जारी आंकड़े और सूचना के अनुसार बताया कि 2025 से 24 सितंबर 2026 तक कथारा लोकल सेल के तहत 42 राउंड में कुल 1890 गाड़ियों की लोडिंग कराई गई। प्रति ट्रक ₹2700 की दर से विस्थापितों के नाम पर कुल ₹51,03,000 (इक्यावन लाख तीन हजार रुपये) की राशि वसूल की गई।
मुखिया प्रतिनिधि बबलू यादव का आरोप है कि इस विशाल राशि में से बांध पंचायत के नाम पर मात्र 12 लाख रुपये का ही वितरण किया गया है। शेष लगभग ₹39 लाख की भारी-भरकम राशि बिचौलिए और दबंग मिलकर डकार गए हैं। उन्होंने पंचायत के सभी गांव-टोला के विस्थापित ग्रामीणों से एकजुट होने और अपना हक मांगने की अपील की है। उन्होंने कहा, विस्थापितों के हक की कमाई पर बिचौलियों और दबंगों को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। यह राशि किसी की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं, बल्कि हमारे जल-जंगल-जमीन और विस्थापन के बदले मिलने वाला हक है। उन्होंने सभी विस्थापितों से वितरणकर्ताओं (कोल कमेटी) से संपर्क कर पूरा हिसाब लेने और अपनी राशि प्राप्त करने का आह्वान किया है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि विस्थापितों को उनका पूरा हक और उचित हिसाब नहीं मिला, तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
