कथारा: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में शनिवार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर पहल ‘सीसीएल विद्या सारथी’ कोचिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सीसीएल कमांड एरिया के विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देते हुए विद्यालय की ओर से मंचासीन अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एन. खान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डीएवी गान, सीसीएल गान, सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति ने समारोह को आकर्षक बना दिया।
विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-I के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी.एन. खान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि मजबूत चरित्र और उच्च नैतिक मूल्यों का निर्माण करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं समय के महत्व को समझते हुए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने ‘विद्या सारथी’ कार्यक्रम को विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए इसका शत-प्रतिशत लाभ उठाने की अपील की।
मुख्य अतिथि कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक (ऑपरेशन) विनोद कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘सीसीएल विद्या सारथी’ ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभावान बच्चों के सपनों को नई दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सीएसआर के नोडल ऑफिसर तबरेज आलम, सीएसआर मैनेजर अनुराग कुमार, कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक के तकनीकी सहायक राहुल कुमार, डीएवी ललपनिया के प्राचार्य तन्मय बनर्जी, डीएवी स्वांग के वरिष्ठ शिक्षक निर्मल बेहुरा, एनसीएसएम के समन्वयक शुभोजीत गुप्ता सहित ‘विद्या सारथी’ के रसायन शास्त्र शिक्षक रविंद्र महतो एवं गणित शिक्षक विजय कुमार उपस्थित रहे। विजय कुमार आईआईटी भिलाई के पूर्व छात्र हैं।
समारोह के अंत में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक जितेंद्र दुबे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। वैदिक शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ. आर.एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, टी.एम. पाठक, राकेश रंजन, बी.के. दसौंधी, आराधना, ओशीन, सुमन कुमारी, पुष्पांजलि राव, ममता पात्रा, अर्शिया एजाज, मधुमल्लिका उपाध्याय, अमरनाथ यादव, विमलेश कुमार, आलोक कुमार सिंह, सुधांशु यादव, संगीत कुमार, अश्विनी कुमार, रीति कुमारी, रिया सिन्हा, विकास कुमार सिंह, चंद्रकांत साहू एवं संदीप मेहता समेत समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
