दो दिनों के अंदर सभी व्यवस्था को करें दुरूस्त – मेयर ।
गिरिडीह: जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार ने सोमवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ स्थल पर जाकर तैयारियों की समीक्षा की। जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू जी के द्वारा प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की तैयारी को लेकर प्रत्येक पंडालों में पूजा समिति के लोगों से सम्पर्क कर तैयारियाओं की जानकारी लेकर कमियों को दूर करते थे। इस वर्ष भी उसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुए नगर निगम के महापौर, उप महापौर, नगर आयुक्त, सदर एसडीओ , उप नगर आयुक्त, बिजली विभाग, पथ निर्माण विभाग, नगर निगम के अधिकारियों के साथ पूजा पंडालों का भ्रमण किया गया और समस्याओं को सूचीबद्ध कर त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर प्रमिला मेहरा ने स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल, यातायात प्रबंधन तथा अग्निशमन के पर्याप्त इंतज़ाम की समीक्षा की और तुरंत समाधान हेतु निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग मिलकर दो से तीन दिनों में सभी आवश्यक कार्य पूरा करें। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर गिरिडीह शहर की शान हमारे पूजा पंडाल हैं। यहाँ प्रति वर्ष लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए हमारी ज़िम्मेदारी है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले।
उन्होंने सभी पूजा पंडालों में साफ़-सफ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को बिना रूकावट बिजली आपूर्ति और बैकअप व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया । स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एम्बुलेंस की तैनाती करने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। सरकार की ओर से हम हर संभव प्रयास करेंगे कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई कमी न रहे।” महापौर ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता एवं यातायात नियमों के पालन में प्रशासन का सहयोग करें और त्योहार को सौहार्दपूर्ण व सुरक्षित माहौल में मनाएं।
मौके पर उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूवा, प्रशिक्षु आइएएस एस कुमार, सदर एसडीओ धीरेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पेयजल आपूर्ति विभाग के सहायक अभियंता, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता अमित कुमार, झामुमो के जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार पप्पु, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार राॅकी, गिरिडीह साउंड यूनियन के जिला अध्यक्ष रामजी यादव, युवा नेता अभय सिंह, रंजीत यादव, हबलू गुप्ता, जिला सह सचिव दिलीप रजक, राकेश कुमार सिंह, मोनू सिंह सहित कई लोग मौजूद थे।
