Home » News Update » दुर्गा पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की डीसी – एसपी ने की समीक्षा।

दुर्गा पूजा को लेकर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की डीसी – एसपी ने की समीक्षा।

सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन, सीसीटीवी एवं अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश।

श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और महिला-बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर

 

बोकारो: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा – पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभाग सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराएं।

 

पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन

 

उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को पंडाल निर्माण, प्रवेश एवं निकास द्वार, विद्युत वायरिंग तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। संबंधित पदाधिकारी अपने क्षेत्रों के पंडालों का निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर कराएं। आवश्यक अनुमतियों एवं अनापत्ति प्रमाण पत्रों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए। *भवन प्रमंडल पूजा पंडालों के डिजाइन, अग्निशमन विभाग फायर सेफ्टी एवं विद्युत विभाग इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन* का प्रमाण पत्र देंगे।

 

सीसीटीवी, अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करें।

 

उपायुक्त ने प्रमुख पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कम से कम 10 दिनों का फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास एवं विद्युत उपकरणों की सुरक्षा की जांच की जाए। पूजा समितियां वैध अस्थायी विद्युत कनेक्शन लें और सुरक्षित वायरिंग सुनिश्चित करें। विद्युत विभाग अनधिकृत कनेक्शन एवं असुरक्षित विद्युत व्यवस्था के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करे।

 

यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था

 

पूजा पंडालों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ की स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस एवं संबंधित अधिकारी पार्किंग स्थल चिह्नित करें तथा आवश्यकता के अनुसार यातायात नियंत्रण एवं मार्ग परिवर्तन की व्यवस्था करें। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते बाधामुक्त रखे जाएं। संवेदनशील स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किया जाए।

 

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

 

उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक खबरों, अफवाहों एवं आपत्तिजनक संदेशों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को साझा करने से बचें। थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं अन्य संबंधित लोगों के साथ बैठक कर संवाद स्थापित करें। अफवाह फैलाने या विधि-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

महिला एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

 

भीड़भाड़ वाले पूजा स्थलों पर महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल और स्वयंसेवक सतर्क रहें। किसी बच्चे अथवा व्यक्ति के बिछड़ने की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। उपायुक्त ने अधिकारियों को आम लोगों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा विवाद की स्थिति में संवाद और संयम से समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।

 

स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश

 

नगर निकाय एवं संबंधित विभाग पूजा पंडालों के आसपास नियमित साफ-सफाई, कचरा उठाव एवं आवश्यकतानुसार पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य विभाग जरूरत के अनुसार एंबुलेंस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने की तैयारी करे। अग्निशमन विभाग भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहे।

 

प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी आवश्यक तैयारी

 

उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन के कार्यक्रम, मार्ग एवं निर्धारित स्थलों को लेकर पूजा समितियों के साथ पहले से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखते हुए संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

अवैध शराब एवं असामाजिक गतिविधियों पर रखें सख्त निगरानी

 

उपायुक्त ने पुलिस एवं उत्पाद विभाग को निर्देश दिया कि अवैध शराब की बिक्री, सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अश्लीलता या विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाए।

एसपी ने निरोधात्मक कार्रवाई एवं सतत निगरानी पर दिया जोर

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों की पहचान कर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व के त्योहारों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को दी जाए।

 

बड़े पंडालों में 50 और छोटे पंडालों में 20 स्वयंसेवकों की तैनाती

 

एसपी ने भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सहायता के लिए बड़े पूजा पंडालों में लगभग 50 तथा छोटे पंडालों में लगभग 20 स्वयंसेवकों की तैनाती की आवश्यकता पर चर्चा की गई। स्वयंसेवकों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड रखने, उन्हें जिम्मेदारियों की जानकारी देने तथा पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया गया।

 

डीडीसी ने एनओसी एवं आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता पर दिया जोर

 

मौके पर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने कहा कि पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा एवं विद्युत सुरक्षा से संबंधित मानकों की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जाए। एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को तैयार अवस्था में रखने के साथ उनकी तैनाती स्थलों की जानकारी सभी संबंधित पदाधिकारियों के बीच साझा की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

 

एसडीओ, एसडीपीओ एवं संबंधित पदाधिकारियों ने दिया क्षेत्रीय फीडबैक

 

इससे पूर्व, संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ), ट्रैफिक डीएसपी, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित फीडबैक साझा किया। इसमें पूजा पंडालों की स्थिति, संवेदनशील स्थलों, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।

 

अंत में, उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सभी छोटे-बड़े पूजा पंडालों को समान प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय रखा जाए, ताकि जिले में त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

 

मौके पर अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एएसपी चास वेदांत शंकर, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, एसडीपीओ बेरमो, सभी बीडीओ सीओ – पुलिस निरीक्षक – थाना प्रभारी आदि उपस्थित थे।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal