132 अभियुक्तों एवं वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया, 60 बरामद मोबाइल वास्तविक धारकों को सौंपे गए
बोकारो: बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था की स्थिति तथा दुर्गा पूजा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अपराध पर अंकुश लगाने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सितंबर में 270 मामलों के विरुद्ध 405 कांडों का निष्पादन
बैठक में सितंबर माह के पुलिस कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि महीने में 270 कांड प्रतिवेदित हुए, जबकि पुलिस ने 405 कांडों का निष्पादन किया। वहीं, विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए 132 अभियुक्तों एवं वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसके अलावा 243 गैर-जमानती वारंट (NBW) तथा 14 कुर्की के मामलों का निष्पादन किया गया।
CEIR पोर्टल से 60 मोबाइल बरामद
मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बोकारो पुलिस को भी सफलता मिली। CEIR पोर्टल के माध्यम से 60 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। इस पहल से मोबाइल गुम होने या खो जाने के मामलों में लोगों को राहत मिली।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 49 लाख से अधिक का चालान
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। सितंबर माह में 3,387 वाहनों का चालान करते हुए कुल 49,12,450 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
साइबर अपराध और अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश
बैठक में साइबर अपराध के मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने, अवैध शराब एवं गांजा के खिलाफ अभियान चलाने और जिले में सघन गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आमजनों की शिकायतों, पासपोर्ट सत्यापन तथा चरित्र सत्यापन से संबंधित मामलों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई।
दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई। पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बोकारो पुलिस ने अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
