Home » News Update » डीएवी कथारा में अर्धवार्षिक परीक्षाफल घोषित, पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था की अभिभावकों ने की सराहना

डीएवी कथारा में अर्धवार्षिक परीक्षाफल घोषित, पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था की अभिभावकों ने की सराहना

पीटीएम में उमड़ी अभिभावकों की भीड़, उत्तर पुस्तिकाओं का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर हुई चर्चा

कथारा: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल कथारा में शनिवार, 10 अक्टूबर को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों का अर्धवार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक गोष्ठी (पीटीएम) में सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक अभिभावकों की अच्छी-खासी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की गई और अभिभावकों को उनके बच्चों के प्रदर्शन से अवगत कराया गया।

 

उत्तर पुस्तिकाओं के प्रदर्शन से बढ़ा अभिभावकों का भरोसा

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की विषयवार उत्तर पुस्तिकाओं का पारदर्शी प्रदर्शन रहा। अभिभावकों को अपने बच्चों की उत्तर पुस्तिकाएं दिखायी गईं, जिससे वे परीक्षा में प्राप्त अंकों और मूल्यांकन प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सके। अभिभावकों ने इस व्यवस्था पर संतोष जताते हुए विद्यालय की पारदर्शी मूल्यांकन प्रणाली की सराहना की।

 

इस दौरान अभिभावकों ने वर्ग शिक्षकों एवं विषय शिक्षकों से मुलाकात कर बच्चों की पढ़ाई, उनकी उपलब्धियों और शैक्षणिक कमजोरियों पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

 

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर

 

विद्यालय के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने परीक्षा के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। पारदर्शी मूल्यांकन प्रणाली और अभिभावकों का निरंतर सहयोग विद्यालय की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करने के लिए विद्यालय प्रबंधन प्रतिबद्ध है।

 

परीक्षा विभाग के कार्यों की सराहना

 

प्राचार्य डॉ. खान ने परीक्षा विभाग के कार्यों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रभारी नागेंद्र प्रसाद, डॉ. राधेश्याम मिश्रा, नीरज सिन्हा, विमलेश कुमार, सुधांशु यादव एवं अनिर्बान दास के उत्कृष्ट नियोजन और अथक प्रयासों से समय पर त्रुटिरहित परीक्षाफल प्रकाशित करना संभव हो सका।

 

डिजिटल रिजल्ट और प्रगति कार्ड वितरित

 

कार्यक्रम के दौरान प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों को समेकित प्रगति कार्ड (क्यूम्युलेटिव रिकॉर्ड कार्ड) वितरित किए गए। वहीं, सभी विद्यार्थियों को डिजिटलाइज्ड परीक्षाफल उपलब्ध कराया गया। बेहतर अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।

 

अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि पारदर्शी मूल्यांकन व्यवस्था और अभिभावकों के साथ नियमित संवाद से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal