गया में कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की स्थिति में फंसे थे सभी मजदूर, मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई कर गिरिडीह प्रशासन ने कराया मुक्त
गिरिडीह: रोजगार और बेहतर आजीविका की तलाश में दूसरे राज्य गए झारखंड के आठ श्रमिकों के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल और गिरिडीह जिला प्रशासन की तत्परता राहत बनकर सामने आई। बिहार के गया जिले में कथित तौर पर बंधक बनाए जाने की स्थिति में फंसे पीरटांड़ प्रखंड के आठ श्रमिकों को जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से सकुशल मुक्त कराकर उनके घर वापस लाया गया। जानकारी के अनुसार, गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह पंचायत के ग्राम शहरपुरा एवं आसपास के रहने वाले ये सभी श्रमिक रोजगार की तलाश में बिहार के गया जिले गए थे। इसी दौरान वे वहां कथित रूप से बंधक बनाए जाने की स्थिति में फंस गए। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई कर सभी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गिरिडीह जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। संबंधित स्तर पर समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू की प्रक्रिया शुरू की गई और सभी आठ श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके गृह क्षेत्र वापस लाया गया। प्रशासन की इस त्वरित पहल से श्रमिकों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
प्रखंड विकास पदाधिकारी, पीरटांड़ द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, सकुशल वापस लौटे श्रमिकों में सुनील मुर्मू, सुखू टुडू, सुरेंद्र मुर्मू, राजू बास्के, करमू टुडू, बबलू मरांडी, दिनेश सोरेन एवं रंजीत मुर्मू शामिल हैं। इनमें पांच श्रमिक बरवाडीह, एक भेलवाडीह, एक जरकाई तथा एक शहरपुरा गांव के निवासी हैं। इस पूरे घटनाक्रम में मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल और जिला प्रशासन की तत्परता से आठ परिवारों को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन ने श्रमिकों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए। घटना ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने वाले श्रमिकों की सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण की अहमियत को सामने ला दिया है।
