खुद भाजपा से सीटें मांग रही आजसू कर रही नई सरकार का दावाः झामुमो
झामुमो ने सोमवार को कभी आजसू का नाम लेकर, तो कभी बगैर नाम लिए कई तरह की टिप्पणियां कीं। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में यह पार्टी मात्र दो सीटों पर सिमट गई थी, क्योंकि बैसाखी के सहारे चुनाव में उतरती रही इस पार्टी के साथ भाजपा ने गठबंधन करने से इंकार कर दिया था। आज आजसू फिर भाजपा से सीटें मांग रही है। दिलचस्प कि चार-पांच सीटों पर चुनाव लड़ने वाली पार्टी आगामी सरकार का खाका खींच रही है।
भाजपा की हकीकत भी लोग जान चुके हैं, इसलिए 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद आ रहे हैं। उसके बाद भाजपा अपने और नेताओं को भी बुलाएगी, क्योंकि अब इन्हें खुद पर भरोसा नहीं है। सुप्रियो ने कहा कि आजसू सत्ता में बने रहने का कोई भी अवसर नहीं चूकने वाली पार्टी रही है। मधु कोड़ा की सरकार में जब आजसू के दो विधायक थे, तब एक सरकार में मंत्री और दूसरा विपक्ष में था। हालांकि, अब मधु कोड़ा खुद भाजपा में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और आजसू हेमंत सोरेन से क्यों डर रही है।
हालांकि, इसका मूल कारण यह है कि विपक्ष के पास मुद्दा ही नहीं बचा है। हेमंत सरकार द्वारा समाज के हर तबके लिए शुरू की गई योजनाओं से ये भयभीत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में बार्गेन होता है, लेकिन ये राजनीतिक परजीवी हो गए हैं। सुप्रियो ने कहा कि आठ सितंबर को आजसू ने रैली के जरिए युवाओं को भटकाने की भी कोशिश की, लेकिन वे सफल नही होगे।
