Home » News Update » बेटे के वियोग में मां के जिंदगी की टिमटिमाती लौ को रोशन कर गये मंत्री इरफान

बेटे के वियोग में मां के जिंदगी की टिमटिमाती लौ को रोशन कर गये मंत्री इरफान

Jamtara : नारायणपुर के पाबिया केंदुआटांड गांव में जो घटना घटी, उसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गुरुवार को गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 11 साल के विशाल मुर्मू की असमय मौत हो गई। इस त्रासदी ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। माता-पिता के लिए यह दुःस्वप्न से कम नहीं था। चारों ओर मातम पसरा हुआ था, आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

स्वास्थ्य मंत्री जब शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे, तो माहौल बेहद गमगीन था। लेकिन तभी एक और अनहोनी ने सबको सकते में डाल दिया। मृतक की मां सुरजमनी मरांडी की हालत अचानक बिगड़ने लगी। दर्द और सदमे से उनका शरीर जवाब देने लगा, सांसें थमने लगी, नब्ज रुक गई, धड़कनें थम गईं। ऐसा लगा जैसे बेटे के गम में मां भी दम तोड़ रही है। वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मंत्री इरफान अंसारी आगे बढ़े।

यहां मंत्री इरफान अंसारी का एक अलग ही रूप देखने को मिला। न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि, बल्कि एक कुशल और संवेदनशील डॉक्टर। उन्होंने बिना एक पल गंवाए तुरंत सीपीआर देना शुरू किया। हर सेकंड कीमती था। लोगों की सांसे भी मानो थम गई थीं, सबकी निगाहें मंत्री पर टिकी थीं। कुछ ही पलों में जो चमत्कार हुआ, वह शब्दों से परे था। अचानक मां की धड़कनें लौट आईं, आंखों में हल्की हरकत हुई और कुछ ही देर में उनकी सांसें फिर से चलने लगीं। मनो चमत्कार हो गया।

 

गांववालों की आंखों में आंसू थे, लेकिन इस बार ये आंसू राहत और कृतज्ञता के थे। सभी ने मंत्री इरफान अंसारी को ‘मसीहा’ कहकर पुकारा। लेकिन मंत्री ने तुरंत तीन और डॉक्टरों को बुलाया और इलाज की पूरी व्यवस्था करवाई। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता ने यह साबित कर दिया कि उनके लिए राजनीति सिर्फ कुर्सी तक सीमित नहीं, बल्कि यह जनसेवा का माध्यम है।

 

गांव के लोगों के लिए मंत्री इरफान अंसारी केवल एक नेता नहीं, वह एक संरक्षक, एक सच्चे जनसेवक और एक कुशल डॉक्टर के रूप में उभरकर सामने आए हैं। उनकी कार्यशैली ने यह दिखा दिया कि वह गरीबों और जरूरतमंदों के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उनके प्रयासों से ना सिर्फ एक मां की जान बची, बल्कि लोगों के दिलों में उनके लिए सम्मान और भी बढ़ गया। मंत्री ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और उनकी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इसके साथ ही, उन्होंने प्रशासन को आदेश दिया कि जहां हादसा हुआ, वहां स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा ना हो।

 

मौके पर मंत्री इरफान अंसारी ने कहा “आप लोगों ने मुझे एक जनसेवक के रूप में चुना है, और मेरे लिए यह गर्व की बात है कि मेरे डॉक्टर होने का लाभ भी जनता को मिल रहा है। मैं जामताड़ा की जनता का हृदय से आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने मुझ पर अटूट विश्वास रखा है। राहुल गांधी, हेमंत सोरेन और कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों, जरूरतमंदों और पीड़ितों के साथ खड़ी है। जनसेवा और हर जीवन की रक्षा हमारी सरकार की प्राथमिकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

क्या आप \"Live 11 News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal