बेरमो -केंद्रीय विद्यालय बोकारो थर्मल के कक्षा नवीं के छात्र प्रिंस कुमार पंडित एवं उनके समूह का चयन शिक्षा मंत्रालय द्वारा प्रति वर्ष आयोजित स्कूल इनोवेशन अटल मैराथन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हुआ है। छात्र ने स्मार्ट सुसाइड प्रिवेंशन सिस्टमः एंटी सुसाइड सीलिंग फ़ैन विषय पर परियोजना विद्यालय की कार्यानुभव शिक्षिका सुश्री कल्पना मीना के मार्गदर्शन में तैयार किया। छात्र की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने छात्र को प्रार्थना सभा में सम्मानित किया व हर्ष व्यक्त किया। छात्र ने अगले चरण में प्रतिभाग करने हेतु परियोजना का ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ बी आर डे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र कि इस उपलब्धि से पूरा विद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस करता है । अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा लेते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना चाहिए जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
उन्हें वैज्ञानिक चेतना का दृष्टिकोण अपनाना चाहिए जिससे नवीन शोध व अनुसंधान हो सकें। सह पाठ्यगामी क्रिया कलाप में प्रतिभाग करना चाहिए। डॉ डे ने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि वह विद्यार्थियों को प्रेरित करें जिससे वह ज्ञानार्जन व नवीन अधिगम के लिए उत्सुक हो। अंत में सभी ने एक दूसरे का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
बेरमो संवाददाता राजेश सागर की रिपोर्ट,
