Home » News Update » रांची में नमाज के बाद अमन-चैन की दुआ, तगड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था

रांची में नमाज के बाद अमन-चैन की दुआ, तगड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था

Ranchi : पवित्र त्योहार ईद उल-फित्र सोमवार को रांची समेत पूरे राज्य में सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। शहर की प्रमुख ईदगाहों – हरमू, डोरंडा, कडरू, राईन मस्जिद और हव्वारी मस्जिद सहित सभी मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। ईद की विशेष नमाज के दौरान नमाजियों ने राज्य और देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। ईद की नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बधाईयां दीं। मस्जिदों में नमाज अदा करने के बाद ज्यादातर लोग कब्रिस्तान में जाकर अपने पुरखों की कब्र पर फातिहा भी पढ़ा। ईद के अवसर पर शहर के गली कूचा, मुस्लिम बहुल मुहल्लों में रंग बिरंगे फूलझड़ियों के साथ ही सुंदर विद्युत सज्जा की गई थी। कई जगहों पर स्टॉल लगाकर लोगों को ईद की सेवाइयां खिलाई गई। त्योहार को लेकर मुस्लिम धर्मावलंबियों में काफी उत्साह का वातावरण देखा गया।

ईदगाह में ईद नमाज से पूर्व हजरत मौलाना डॉक्टर असगर मिस्बाही ने कहा कि ईद, रमजान के खत्म होने पर शुक्राने के तौर पर मनाया जाता है। ईद खुशी और खाने-खिलाने का दिन है। डोरंडा ईदगाह में हजरत मौलाना सैयद शाह अलकमा शिबली कादरी ने कहा कि ईद अमन, शांति और भाईचारे का पैगाम देता है। ईद का मतलब ही होता है खुशी। वह खुशी जो जिंदगी में बार-बार आए। हर व्यक्ति की अपनी ईद होती है। जैसे बीमार व्यक्ति जब ठीक हो जाता है तो उसकी ईद है। जेल में बंद व्यक्ति जब जेल से छूट जाता है तो उसकी ईद है।

वहीं दूसरी और ईद को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा के पुख्ता और कड़े इंतजाम किए गए थे। सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। सीसीटीवी के अलावा ड्रोन से भी निगरानी की गयी। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग DIG सह SSP चंदन सिन्हा खुद कर रहे थे। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश देते रहे। एसडीओ उत्कर्ष कुमार और सिटी एसपी राजकुमार मेहता, डीएसपी प्रकाश सोए सहित अन्य अधिकारी लगातार घूम-घूम कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

सुरक्षा में कहीं कोई चूक ना हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। जिले में सुरक्षा को लेकर 1500 अतिरिक्त जवानों की तैनाती किये गये थे। सुरक्षा की दृष्टि से 1000 लाठी बल के अलावा एक कंपनी रैफ, एक कंपनी सीआरपीएफ, दो कंपनी रैप और 300 होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया। साथ ही सभी थानेदार अपने-अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करते रहे। इसके अलावा बाइक से भी पेट्रोलिंग की गयी। वहीं सोशल मीडिया पर भी साइबर सेल ने पैनी नजर बनाये रखी।

रांची के ग्रामीण क्षेत्र के तमाम ईदगाहों का एसपी ने लिया जाएजा

ईद के मौके पर ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने सोमवार को ग्रामीण थाना क्षेत्र के विभिन्न ईदगाह एवं प्रमुख मस्जिदों का भ्रमण किया। मौके पर उन्होंने सभी को ईद पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही ईद पर्व के दौरान विधि व्यवस्था संधारण के लिए प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को चेक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

क्या आप \"Live 11 News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal