गिरिडीह: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी बारिश के मौसम में अपने पैतृक गांव कोदाईबांक में एक आम किसान के रूप में खेत में धान रोपाई करते दिखे। इस क्रम में वह एक आम किसान की तरह बड़े ही शिद्दत से खुद पानी से लबालब भरे खेत में जाकर धान रोपाई का काम किया। 
गौरतलब है कि श्री मरांडी गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के कोदाईबांक गांव के रहने वाले हैं। वहीं धान रोपाई के क्रम में उन्होंने कहा कि वह किसान के पुत्र हैं तथा खेतों में काम करने से उन्हें हमेशा संतोष प्राप्त होता है आनंद की अनुभूति होती है। श्री मरांडी ने ने कहा कि खेती करने से हमें अपनी आत्मनिर्भरता के साथ जमीन से जुड़े रहने का भी भाव मिलता है। उन्होंने कहा कि वह चाहे किसी पद पर रहे हो लेकिन खेती करना नहीं भूले, भले ही समय के अभाव में कुछ ही देर खेती करना पड़ा हो, लेकिन उन्होंने हमेशा ही अपने पैतृक गांव पहुंचकर खेती की है।
