कन्हाचट्टी (चतरा) जिले के कान्हाचट्टी प्रखंड में तेतरमोड से बूढ़ीगढ़ा होते हुए पोलपोल की ओर जाने वाली सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। तीन वर्ष पहले मरम्मत की गई यह सड़क अब पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, जिससे कई गांवों और पंचायतों को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर आवागमन दूभर हो गया है। ग्रामीणों को रोजमर्रा की यात्रा में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बूढ़ीगढ़ा गांव के निवासियों ने इस बदहाल सड़क को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह सड़क कीचड़ और गड्ढों से भर जाती है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। एक ग्रामीण ने सवाल उठाया, क्या यही विकास है? सरकार और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी ने विकास के दावों की पोल खोल दी है।
इस सड़क की बदहाली का असर स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है। स्कूल बसों को इस मार्ग पर चलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में अधिक समय लगता है। हाल ही में एक स्कूल बस के पलटते-पलटते बचने की घटना ने स्थिति की गंभीरता को और उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरह के हादसों का खतरा हमेशा बना रहता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।
मो शाहबान की रिपोर्ट,
