खरगडीहा पंचायत के बेलकुंडी में भारी बारिश से ध्वस्त हुई सड़क
विधायक मंजु कुमारी त्वरित समाधान कर ग्रामीणों को दिलाई राहत
स्थायी समाधान के लिए मार्ग पुनर्निर्माण की दी स्वीकृति
गिरिडीह: जिला के बेलकुंडी (जमुआ) में दो दिन पूर्व हुई भारी बारिश के कारण जमुआ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खरगडीहा पंचायत के बेलकुंडी ग्राम में खरगडीहा-बेलकुंडी मुख्य मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। जिससे ग्रामीणों का आवागमन पूर्णतः बाधित हो गया था। गौरतलब है कि यह मार्ग ग्रामीणों की दैनिक आवाजाही का मुख्य जरिया था। जिसके अवरुद्ध होने से जनजीवन प्रभावित हो गया था।
वंही जैसे ही इस समस्या की जानकारी जमुआ की विधायक मंजु कुमारी को मिली उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए रविवार को स्वयं स्थल का निरीक्षण किया और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आवागमन बहाल कराने हेतु तात्कालिक समाधान सुनिश्चित करवाया। इससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली और आवागमन पुनः संभव हो सका।
इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि इस मार्ग के स्थायी समाधान के लिए बरसात समाप्त होने के बाद नव निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। जिसकी स्वीकृति वे स्वयं पहले ही प्रदान कर चुकी हैं। उन्होंने कहा, “जनहित में त्वरित कार्रवाई और स्थायी समाधान ही मेरा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आपका साथ, आपका विश्वास ही मेरी शक्ति है।”
वंही स्थानीय लोगों ने विधायक द्वारा शीघ्र कार्रवाई किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की और आभार जताया। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण एवं कार्यकारी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
