बेरमो: भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सह डीवीसी ठेका मजदूर संघ के महामंत्री भरत यादव ने डीवीसी के चेयरमैन एस. सुरेश से मुलाकात कर डीवीसी के विभिन्न प्रतिष्ठानों के आवासीय परिसर में लगाए गए स्मार्ट मीटर को हटाने की मांग की। भरत यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से गलत बिजली बिल दिया जा रहा है और स्थानीय प्रबंधन द्वारा विलंब से भुगतान का जुर्माना राशि का भुगतान करने का दावा किया जा रहा है। भरत यादव ने चेयरमैन से मांग की कि डीवीसी कर्मियों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त में दी जाए, स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्ववर्ती व्यवस्था बहाल की जाए, सप्लाई एवं अन्य ठेका श्रमिकों को स्थाई कर्मचारियों के समान ऊर्जा भत्ता दिया जाए और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन से बिजली चार्ज पूर्व की भांति कटौती किया जाए। इसके अलावा भरत यादव ने बोकारो एवं चंद्रपुरा ताप विद्युत केंद्र के कैंटीन में कार्यरत श्रमिकों को वेतनमान एवं सुविधा देने, बोकारो थर्मल के आवासीय परिसर का विद्युत अनुरक्षण में कार्यरत ठेका श्रमिकों को पदोन्नत करने और उनके आवास का किराया सप्लाई मजदूरों के समान करने आदि मांग की। चेयरमैन एस. सुरेश ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर सकारात्मक कार्रवाई हेतु आश्वस्त किया। भरत यादव ने कहा कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो डीवीसी कर्मियों में भारी रोष है और आंदोलन की संभावना है।
राजेश सागर की रिपोर्ट,
