चतरा: चतरा समाहरणालय के सभा कक्ष में उपायुक्त शकीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला स्तरीय सभी विभागों के वरीय पदाधिकारी और कार्यालय प्रमुख शामिल रहे।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्य समारोह जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में होगा, जहां 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे ध्वजारोहण होगा। समारोह में राष्ट्रगान, सलामी परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन, लाउडस्पीकर, पेयजल, अग्निशमन दस्ता, स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान, परेड और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
ध्वजारोहण का कार्यक्रम समाहरणालय परिसर में सुबह 8:00 बजे, फांसी तालाब शहीद स्मारक पर 8:15 बजे, बाबा भीमराव अंबेडकर मूर्ति (पोस्ट ऑफिस चौक) पर माल्यार्पण 8:25 बजे, रेड क्रॉस भवन में 8:30 बजे और मुख्य स्थल जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 9:05 बजे होगा।
परेड का पूर्वाभ्यास 5 अगस्त से प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे शुरू होगा, और अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल 12 अगस्त को सुबह 9:00 बजे होगा। दोपहर 1:00 से 3:00 बजे तक जिला प्रशासन और पत्रकार एकादश के बीच फैंसी फुटबॉल मैच भी आयोजित होगा।
स्वतंत्रता दिवस की संध्या में 15 अगस्त को शाम 6:00 बजे जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन हॉल में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें देशभक्ति आधारित प्रस्तुतियां होंगी। आयोजन के लिए समिति गठित की गई, जिसे सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
