फॉरवर्ड ब्लॉक ने प्रशासन से की दोषियों पर कार्रवाई और पानी का रास्ता साफ क्लियर कराने की मांग की
गिरिडीह: जामताड़ा स्टेट हाईवे पर डीएवी स्कूल के नजदीक एक पुरानी पुलिया के बहाव का रास्ता जाम कर देने के कारण बारिश से हुए जलजमाव से न्यू गिरिडीह रेलवे स्टेशन सहित सिरसिया, पतारी, गादी, महदैया, जंगलपुर, सुईयाटांड़, जमुनियाटांड, शहरपुरा आदि गांवों को जाने का रास्ता बंद हो गया है। हालत यह है कि, पैदल बाइक या वाहनों तक का जाना मुश्किल हो गया है।
इससे लोगों को हो रही बेतरह परेशानी को देखते हुए आज बेंगाबाद के पूर्व जिप सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने गिरिडीह के अंचल अधिकारी से फोन पर बात की और आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
इस बाबत श्री यादव ने कहा कि, स्टेट हाईवे पर बनी यह पुलिया बहुत पुरानी है और सिरसिया काली मंडा की ओर से एक बड़े क्षेत्र के बारिश के पानी का स्वाभाविक बहाव इसी से होता रहा है। लेकिन यह साफ देखा जा सकता है कि पुलिया के बहाव को अवरुद्ध करने वालों ने कैसे हजारों लोगों को परेशान कर दिया है। कहा कि, यह सरासर गलत है। इसलिए प्रशासन को तुरंत इस पर कार्रवाई कर लोगों की परेशानी दूर करनी चाहिए।
श्री यादव ने बताया कि उन्होंने इस बाबत गिरिडीह के अंचल अधिकारी से फोन पर बात की है। नगर निगम प्रशासन को भी इसकी लिखित शिकायत कर रहे हैं। किसी को भी इस तरह का गैर-कानूनी काम करने का अधिकार नहीं है।
