Home » News Update » झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ निकाला विरोध जुलूस, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ निकाला विरोध जुलूस, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

मो शाहबान

चतरा: झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रविवार को चतरा में केंद्र सरकार के खिलाफ तीव्र विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष नीलेश ज्ञासन के नेतृत्व में थाना मैदान से केशरी चौक तक एक विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जुलूस के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई, और केशरी चौक पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।

जुलूस में जेएमएम के सचिव चंद्र देव साहू, कोषाध्यक्ष नितेश राणा, प्रवक्ता सत्येंद्र मित्तल, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राहुल यादव, छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष रुपेश यादव, नगर अध्यक्ष बिट्टू गुप्ता, चतरा प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र राम, कान्हाचट्टी प्रखंड अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, इटखोरी प्रखंड अध्यक्ष बबलू केसरी, उपाध्यक्ष भोलाराम सोनकर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

जिला अध्यक्ष नीलेश ज्ञासन ने कहा कि 20 अगस्त 2025 को केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत एक विधेयक भारतीय संविधान की मूल भावना का खुला उल्लंघन करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक जनप्रतिनिधियों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित करता है और जनता के जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा, भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर अपने राजनीतिक विरोधियों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। इस विधेयक के तहत किसी जनप्रतिनिधि को बिना दोष सिद्ध हुए 30 दिनों से अधिक हिरासत में रखकर पद छोड़ने के लिए मजबूर किया जा सकता है, जो लोकतंत्र पर गहरा आघात है।

जिला प्रवक्ता सत्येंद्र मित्तल ने इसे जनता को गुमराह करने की सुनियोजित साजिश करार देते हुए कहा, सत्ता की लालसा में भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है। इस तानाशाही प्रवृत्ति के खिलाफ झारखंड सहित पूरे देश में जनाक्रोश बढ़ रहा है। चतरा में आज का यह प्रदर्शन उसी जनाक्रोश का हिस्सा है।

जेएमएम कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए इस तरह के कदमों का विरोध जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

क्या आप \"Live 11 News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal