दीपक कुमार
कान्हाचट्टी (चतरा): जिला विधिक सेवा प्राधिकार चतरा के सचिव के तत्वाधान में कान्हाचट्टी प्रखंड के ग्राम चैनपुर में अधिकार मित्र सरिता कुमारी के नेतृत्व में नशा उन्मूलन को लेकर एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बच्चों और महिलाओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकार मित्र सरिता कुमारी ने बताया कि नशा उन्मूलन न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए, बल्कि समाज के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने अभिभावकों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। सरिता कुमारी ने कहा, नशा मुक्त समाज के निर्माण से हम एक स्वस्थ और सकारात्मक समाज की नींव रख सकते हैं।
इस अवसर पर आगामी 21 सितंबर 2025 को कान्हाचट्टी प्रखंड कार्यालय में आयोजित होने वाले मेगा कानूनी सशक्तिकरण शिविर की जानकारी भी दी गई। शिविर में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने के इस प्रयास को समाज के लिए लाभकारी बताया।
