पत्थलगड़ा (चतरा) – पत्थलगड़ा प्रखंड मुख्यालय में शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई है। यहां स्थित देवी चामुंडा कॉलेज और नर्सिंग फार्मेसी कॉलेज, पत्थलगड़ा में आज से नर्सिंग कोर्स की कक्षाओं में नामांकन (एडमिशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस नए कॉलेज के उद्घाटन से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब नर्सिंग की पढ़ाई के लिए हजारीबाग, रांची, पटना या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
इस महत्वपूर्ण पहल से पत्थलगड़ा प्रखंड ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वर्षों से यहां के छात्र-छात्राएं अपने करियर के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करते थे, जिससे उन्हें आर्थिक, सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। अब इस कॉलेज के माध्यम से उन्हें घर के पास ही उच्च गुणवत्ता वाली नर्सिंग शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी। कॉलेज के अध्यक्ष आनंद सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि यहां निम्नलिखित नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा एएनएम (ANM) अवधि: 2 वर्ष जीएनएम (GNM) – अवधि: 3 वर्ष
ड्रेसर कोर्स – अवधि: 1 वर्ष है।
आनंद सिन्हा ने कहा कि यह कॉलेज न सिर्फ शिक्षा देगा, बल्कि युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण भी प्रदान करेगा, जिससे वे आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें। इसके साथ ही स्थानीय अस्पतालों और क्लीनिकों को भी प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मिल सकेंगे, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार आएगा। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में इस खबर को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अभिभावकों का कहना है कि इससे उन्हें अपने बच्चों को दूर भेजने की चिंता नहीं रहेगी और वे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल पत्थलगड़ा जैसे ग्रामीण क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और आने वाले समय में यह कॉलेज नर्सिंग और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा।
