Chatra:विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर चतरा जिले में पर्यटन निदेशक के निर्देश और उपायुक्त कीर्तिश्री के आदेशानुसार स्वच्छता, पौधारोपण और पर्यटन जागरूकता अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान ने जिले में पर्यटन विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नई चेतना जगाई।
कार्यक्रम की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा से जागरूकता रैली के साथ हुई, जिसमें युवा, विद्यार्थी, खेल प्रशिक्षु और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने पर्यटन दिवस के महत्व, जिले में पर्यटन के माध्यम से विकास की संभावनाओं और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता और पौधारोपण अभियान चलाया गया। भेड़ी फार्म में स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों ने परिसर की सफाई में सक्रिय योगदान दिया। इटखोरी भद्रकाली मंदिर में मंदिर प्रबंधन समिति के सुरेंद्र कुमार सिंह और अन्य सदस्यों ने सफाई अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश दिया। बक्सा डैम पर स्थानीय युवाओं और पर्यावरण प्रेमियों ने डैम परिसर की सफाई और पौधारोपण कर स्थल की सुंदरता और हरियाली बढ़ाने में योगदान दिया।
इस अभियान का उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाना था, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले और चतरा के पर्यटन स्थलों की छवि और सुदृढ़ हो। कार्यक्रम में जिला खेल सह नोडल पर्यटन पदाधिकारी कैलाश राम, जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ अंकित कुमार और पर्यटन कार्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। उपस्थित लोगों को पर्यटन के महत्व, रोजगार व करियर की संभावनाओं और जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि पर्यटन से न केवल आर्थिक विकास को गति मिलती है, बल्कि स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिलती है।
