मंत्री सुदिव्य कुमार और गाण्डेय विधायक कल्पना सोरेन का गिरिडीह वासियों ने जताया आभार
गिरिडीह — झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन की पहल पर बुधवार को कैबिनेट की बैठक में पचम्बा-द्वारपहरी-जमुआ रोड के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण को स्वीकृति दे दी है। इससे गिरिडीह वासियों में खुशी का माहौल है। विदित हो कि यह रोड पचंबा से द्वारपहरी होकर जमुआ तक करीब 28.44 किलोमीटर बनेगा। इस पर 133 करोड़, एक लाख 85 हजार 200 रुपए खर्च किए जायेंगे। वर्तमान में इस रोड की हालत बहुत जर्जर है। कुछ दिन पहले तेलोडीह में एक फुटबाल मैच कार्यक्रम में जब गाण्डेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन और मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू आये थे तो गिरिडीह वासियों की ओर से इस रोड को बनाने की मांग उठी थी। जिस पर कल्पना मुर्मू सोरेन ने तेलोडीह फुटबाल मैदान में ही यह घोषणा कर दी थी कि बहुत जल्द पचम्बा – द्वारपहरी-जमुआ रोड बनेगा और इसको बनवाने का काम मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू करेंगे। दोनों के पहल पर इस रोड के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की स्वीकृति मिली। इसके लिए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गाण्डेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन का गिरिडीह वासियों ने आभार जताया है। साथ ही अबुआ सरकार को धन्यवाद दिया है।

झामुमो के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने पचम्बा से द्वारपहरी के रास्ते जमुआ जाने वाले इस सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की कैबिनेट की स्वीकृति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सभी गिरिडीह वासियों ने खुशी जताई है। सभी लोग मंत्री सुदिव्य कुमार और गाण्डेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को धन्यवाद दे रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि यह सड़क बेहद जर्जर और खराब स्थिति में है। अभी ज्यादातर वाहन गिरिडीह से द्वारपहरी होकर जमुआ जाने से बचते हैं। कारण कि पचम्बा से जमुआ जाने के लिए दूसरा विकल्प चितरडीह का रास्ता है। लेकिन मजबूरी में कोवाड, द्वारपहरी, चरघरा और आस पास के अधिकांश वाहनों को इसी रास्ते से जाना पड़ता है। गिरिडीह से पचम्बा कल्याणडीह तक फोरलेन सड़क लगभग बन चुकी है। दोनों सड़क पूर्ण होने के बाद गिरिडीह से जमुआ तक आने-जाने में लोगों को काफी सुविधा होगी।
