गिरिडीह : 18 जनवरी को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गिरिडीह में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना, ओ०पी० एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसपी डॉ. विमल कुमार द्वारा विगत माह में प्रतिवेदित कांडों की गहन समीक्षा की गई तथा उनके त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा विगत तीन माह में घटित गंभीर श्रेणी के अपराधों की भी समीक्षा की गई।
महिला से संबंधित अपराधों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने ऐसे सभी मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, विगत माह में जेल से रिहा हुए अपराधियों, आर्म्स एक्ट एवं संपत्तिमूलक कांडों में संलिप्त अपराधियों का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही आदतन अपराधियों के विरुद्ध सी०सी०ए० के तहत कार्रवाई हेतु प्रस्ताव समर्पित करने, लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन, तथा लंबित पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन मामलों को जल्द निपटाने का भी निर्देश दिया गया।
एसपी ने नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग एवं गश्ती पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही आगामी सरस्वती पूजा के मद्देनज़र सभी थाना एवं ओ०पी० क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था संधारण की सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में विगत माह में महत्वपूर्ण कांडों के सफल उद्भेदन एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
