बेरमो/फुसरो: बोकारो पुलिस ने फुसरो बाजार और चंद्रपुरा में आभूषण दुकानों में हुई बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर छापेमारी करते हुए ओडिशा के एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लाखों के जेवरात बरामद हुए हैं।

क्या है पूरा मामला?
बीती 29 मार्च 2026 को फुसरो बाजार स्थित राजेंद्र प्रसाद दास की सोना-चांदी की दुकान से दो अज्ञात अपराधियों ने करीब 15 लाख रुपये के आभूषण (सोने की चेन, झुमका और टॉप्स) चोरी कर लिए थे। इस संबंध में बेरमो थाना कांड संख्या-22/26 दर्ज किया गया था। ठीक इसी ‘मोडस ऑपरेंडी’ (काम करने के तरीके) से 19 दिसंबर 2025 को चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
विशेष टीम ने ओडिशा में दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP), बोकारो के निर्देश पर बेरमो और चंद्रपुरा पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के कॉल डंप, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर अपराधी का पीछा किया और अंततः ओडिशा के नोवापाड़ा जिले से आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधी और बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान निसार अली उर्फ काला (26 वर्ष), जिला नोवापाड़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है।
अपराध का तरीका: निसार अली अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दुकानदार को अपनी बातों में उलझाता था और मौका मिलते ही जेवरात पार कर देता था।
बरामदगी: पुलिस ने उसके पास से 65.19 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। इसमें 4 पीस सोने की चेन और 30 पीस ईयर रिंग शामिल हैं। साथ ही एक रेडमी कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया गया है।
अपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, निसार अली एक पेशेवर अपराधी है और वह पहले भी ओडिशा के कोरापुर जेल में रह चुका है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
छापामारी दल में ये रहे शामिल:
इस सफल उद्भेदन में पु०अ०नि० शाहिद अंसारी (बेरमो थाना), पु०अ०नि० अमरजीत कुमार (चंद्रपुरा थाना), स०अ०नि० प्रभात किरण कोकिल, आरक्षी जितेन्द्र दास, दिलीप कुमार महतो और बोकारो की तकनीकी शाखा के अधिकारियों की मुख्य भूमिका रही।
रिपोर्ट: लाइव 11 न्यूज़, बोकारो
