औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ेम थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के मझियाव गांव के मुख्य पथ से दो कारों में छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार भी किया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र अंतर्गत कौवाथ गांव निवासी दीपक कुमार पटेल के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह शराब की खेप को वाहन के जरिए ले जा रहा था, तभी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। पुलिस ने दोनों कारों की सघन तलाशी के दौरान कुल 179.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है, वहीं दोनों वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमरजीत चौधरी ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इस छापेमारी अभियान में एसआई राहुल प्रकाश समेत सशस्त्र बल के जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
