औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर प्रखंड के माली थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के बेनी गांव मोड़ के समीप से झारखंड निर्मित टनाका देशी शराब बरामद किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेनी गांव मोड़ के पास अवैध शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर माली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तस्कर मौके से फरार हो गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 60 लीटर टनाका देशी शराब बरामद किया। बरामद शराब को जब्त कर थाना लाया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दीपक कुमार राय ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
