गोमिया: गोमिया प्रखंड अंतर्गत झिरके पंचायत से इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वाले 10 हाजियों का जत्था बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। इस मौके पर पूरे गांव में धार्मिक माहौल देखने को मिला और लोगों ने हाजियों को फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
रवाना होने से पहले मस्जिद परिसर में दुआ का आयोजन किया गया, जहां गांव के बुजुर्गों और स्थानीय लोगों ने हाजियों की सुरक्षित यात्रा और कुशल वापसी के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। हाजियों के परिजनों की आंखों में खुशी और भावुकता दोनों साफ झलक रही थी।
कांग्रेस नेता इसराफिल अंसारी और अंजुमन कमेटी सदर गुलाम रबानी अंसारी ने बताया कि हज इस्लाम का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि वह जीवन में एक बार हज जरूर करे। इस अवसर पर पंचायत के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे और सभी ने हाजियों को शुभ यात्रा की बधाई दी।
जत्थे के रवाना होते समय “लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। हाजियों के इस पवित्र सफर के लिए पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
