गिरिडीह: शिक्षक दिवस को लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सदर प्रखंड गिरिडीह के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह, गिरिडीह के नोडल शिक्षक संजीव कुमार को गिरिडीह जिले का प्रथम ” जिला शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान-2026 ” से सम्मानित किया गया। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग , झारखंड सरकार के द्वारा ” राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार ” के लिए जिला से अनुशंसित शिक्षक संजीव कुमार के उत्कृष्ट कार्यो के सम्मान में शिक्षक दिवस के अवसर पर ” गिरिडीह जिला शिक्षक सम्मान समारोह ” डायट , बगोदर , गिरिडीह में आयोजित कर उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल एवं ₹15,000/- की सम्मान राशि प्रदान की गई।
बताया गया कि शिक्षक संजीव कुमार ने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में निरंतर योगदान दिया है। उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
वंही सम्मान प्राप्त करने के बाद संजीव कुमार ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए ₹15,000 की पूरी सम्मान राशि विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान विद्यार्थियों की सफलता और विद्यालय का विकास है। प्राप्त सम्मान राशि का उपयोग विद्यार्थियों के हित में शैक्षणिक कार्यों एवं गतिविधियों को और बेहतर बनाने में किया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों ने संजीव कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह सम्मान जिले के शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है। सम्मान राशि को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने का निर्णय उनके कर्तव्यनिष्ठा, सेवाभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
