गिरिडीह: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) के तहत उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त-सह-मतदाता सूची प्रेक्षक, विजय कुमार गुप्ता द्वारा मंगलवार को गिरिडीह जिले के बगोदर एवं डुमरी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित मतदान केंद्रों पर चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने BLO से मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए प्राप्त दावों एवं आपत्तियों, Form-6, Form-7 एवं Form-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों तथा उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, अपात्र/मृत/स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO), उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। BLO से क्षेत्र में मतदाताओं से संपर्क, प्रपत्रों की प्राप्ति एवं दस्तावेजों के सत्यापन की जानकारी ली गई। आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्राप्त प्रत्येक दावा एवं आपत्ति का नियमों के अनुरूप निष्पक्ष एवं समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
प्रमंडलीय आयुक्त ने विशेष रूप से Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, Form-7 के माध्यम से नाम विलोपन/आपत्ति तथा Form-8 के माध्यम से मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित आवेदनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने BLO को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों की जांच एवं आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के तहत करते हुए अद्यतन प्रगति सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान बगोदर एवं डुमरी विधानसभा क्षेत्र के चिह्नित मतदान केंद्रों पर BLO एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर पुनरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक भी लिया गया। बूथ स्तर पर मतदाताओं को SIR-2026 के तहत निर्धारित प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रपत्रों के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि निरीक्षण के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बगोदर विधानसभा क्षेत्र के दोंदलो पंचायत भवन एवं अलगडीहा पंचायत भवन कैंप तथा डुमरी विधानसभा क्षेत्र के पंचायत भवन भरखर, पंचायत भवन, बालूटुंडा एवं पंचायत भवन चैनपुर कैंप सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। उपलब्ध बूथवार विवरण के अनुसार निरीक्षण किए गए संबंधित मतदान केंद्रों पर कुल 1,162 नोटिस तथा 8,031 मतदाता दर्ज हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित बूथों पर पुनरीक्षण कार्य की प्रगति एवं मतदाता सूची से जुड़े मामलों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं BLO को निर्देशित किया कि SIR-2026 के कार्यों में पारदर्शिता, शुद्धता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित BLO उपस्थित रहे।
—
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
