बेरमो: बोकारो थर्मल और चंद्रपुरा क्षेत्र के लिए बड़ी खुशखबरी है। गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने विस्थापित एवं स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को कोलकाता स्थित डीवीसी मुख्यालय में डीवीसी चेयरमैन राजेश पांडेय से महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में सांसद ने डीवीसी प्रबंधन के समक्ष विस्थापितों की ज्वलंत समस्याओं को मजबूती से रखा और उनके जल्द समाधान की मांग की। सांसद ने कहा कि डीवीसी की स्थापना के लिए स्थानीय लोगों ने अपनी जमीन दी है, इसलिए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करना प्रबंधन की जिम्मेदारी है। बैठक का मुख्य एजेंडा बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (BTPS) और चंद्रपुरा थर्मल पावर स्टेशन (CTPS) में नया पावर प्लांट लगाना रहा। चेयरमैन ने आश्वस्त किया कि दोनों जगहों पर नई इकाइयों की स्थापना के लिए प्रक्रिया तेज की जाएगी और अगले 6 महीने के अंदर इस दिशा में ठोस काम शुरू हो जाएगा। साथ ही कोनार डैम में सोलर पावर प्लांट की स्थापना को लेकर भी सहमति बनी। यह प्रोजेक्ट ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देगा और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। सांसद ने बताया कि इन सभी परियोजनाओं को अंतिम रूप देने के लिए अगले अक्टूबर महीने में वह डीवीसी चेयरमैन के साथ दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात करेंगे।
विस्थापितों और पेंशनरों को लेकर बड़े फैसले
बैठक में विस्थापितों के हित में कई बड़े फैसले लिए गए – सभी पात्र विस्थापितों को जल्द ही DCC के माध्यम से PAP (प्रोजेक्ट अफेक्टेड पर्सन ) कार्ड बनाकर सौंपा जाएगा l विस्थापितों को पूर्व में हस्तांतरित की गई जमीन का म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) जल्द कराया जाएगा, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो। डीवीसी पेंशनरों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर पेंशनरों के लिए जल्द एक नई कमेटी का गठन किया जाएगा, जो उनकी समस्याओं का निराकरण करेगी।
बैठक के बाद सांसद ने कहा कि डीवीसी प्रबंधन सकारात्मक रुख के साथ विस्थापितों की समस्याओं को हल करने के लिए तैयार है और जल्द ही धरातल पर इसका असर दिखेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में डीवीसी मेंबर सेक्रेटरी एस.के. पांडा, डीवीसी ऑल वैली विस्थापित समन्वय संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश्वर मण्डल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, दीपक महतो सहित डीवीसी के कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
