पेटरवार प्रखंड में दो माह के दौरान तीसरी घटना, अब तक दो लोगों की मौत और तीन घायल
तेनुघाट: पेटरवार प्रखंड के चांपी पंचायत में जंगली सियार के हमले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। 12 घंटे के भीतर सियार ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में चांपी पंचायत निवासी युवक रिंकू कुमार और कोकिला देवी के अलावा घरवाटांड़ पंचायत निवासी सावित्री देवी शामिल हैं। तीनों को पेटरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर इलाज कराया गया।
घटना को लेकर जिला परिषद सदस्य माला कुमारी ने चिंता जताते हुए कहा कि जंगली सियार लगातार लोगों पर हमला कर रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने इसके लिए वन विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाया। उन्होंने बताया कि तीनों घायलों को पेटरवार अस्पताल भेजकर इलाज की व्यवस्था कराई गई है। माला कुमारी ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की कि वे सतर्क और सावधान रहें तथा अकेले सुनसान रास्तों पर जाने से बचें।
वहीं, वनरक्षी जगदीश महतो ने बताया कि पेटरवार वन क्षेत्र में सियार के हमले की लगभग 12 से 14 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। विभागीय प्रावधान के अनुसार पीड़ितों को मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने बताया कि जंगलों की कटाई से सियारों के प्राकृतिक आवास में कमी आ रही है। साथ ही उनकी संख्या बढ़ने के कारण मानव बस्तियों की ओर उनका आना और लोगों पर हमला करना चिंता का विषय बन गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पेटरवार प्रखंड में पिछले दो माह के दौरान सियार के हमले की यह तीसरी घटना है। इन घटनाओं में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीण भयभीत हैं और वन विभाग से सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।
