कथारा: डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जी. एन. खान ने कथारा क्षेत्र के नवपदस्थापित महाप्रबंधक सह- विद्यालय की स्थानीय प्रबंधन समिति (एलएमसी) के अध्यक्ष राजीव सिंह से शिष्टाचार भेंट की तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राकेश रंजन भी उपस्थित थे।
मुलाकात के दौरान प्राचार्य ने महाप्रबंधक को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता पर चर्चा की। विशेष रूप से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड की आवश्यकता से उन्हें अवगत कराया और इस दिशा में सीसीएल प्रबंधन से सहयोग की अपेक्षा जताई।
प्राचार्य ने कहा कि डीएवी कथारा का निरंतर प्रयास है कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जाएँ। आज के प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक परिवेश में स्मार्ट बोर्ड जैसी तकनीकी सुविधाएँ शिक्षण को अधिक रुचिकर, प्रभावी एवं ज्ञानवर्धक बनाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाप्रबंधक के सहयोग से विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में मदद मिलेगी।
वहीं, महाप्रबंधक राजीव सिंह ने विद्यालय के विकास के प्रति सकारात्मक रुख अपनाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की आवश्यकताओं एवं विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। स्मार्ट बोर्ड जैसी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की उपलब्धता के लिए भी सकारात्मक पहल की जाएगी। विद्यालय के विकास एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण में सीसीएल प्रबंधन की ओर से यथासंभव सहयोग दिया जाएगा।
प्राचार्य ने महाप्रबंधक के सकारात्मक विचारों एवं सहयोग के आश्वासन के प्रति आभार व्यक्त किया। यह शिष्टाचार भेंट विद्यालय और सीसीएल क्षेत्रीय प्रबंधन के बीच आपसी समन्वय एवं सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल रही।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
