मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।
मरीजों से मुलाकात कर हालचाल भी जाना।
रांची: उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची मंजूनाथ भजंत्री ने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर सदर अस्पताल, रांची का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को सुना। उपायुक्त ने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन को विशेष निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री भजंत्री ने अस्पताल की डिस्पेंसरी का दौरा किया और वहां उपलब्ध दवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और मरीजों को दवाओं की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और तत्पर रहने की हिदायत दी गई।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और स्टाफ की उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों का विश्वास जीतने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा कि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सुविधाएं सभी जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचें।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
