चतरा: 19, 20 एवं 21 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री जी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभा कक्ष में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न कोल परियोजनाओं के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागीय पदाधिकारियों सहित उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया माहेश्वरी प्रसाद, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार और जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) आदि उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान कोल कंपनियां एवं परियोजनाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपने ब्रांड प्रचार एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का प्रदर्शन कर सकती हैं। उन्होंने जोर दिया कि पूरा आयोजन गरिमामय, सांस्कृतिक और शांतिपूर्ण वातावरण में होगा, जिसमें सभी से पूर्ण सहयोग अपेक्षित है।
सांस्कृतिक संध्या के लिए कलाकार चयन प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा हुई। पारदर्शिता, गुणवत्ता और लोकप्रियता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर समयबद्ध तैयारियां पूरी करने का सख्त निर्देश दिया। महोत्सव में ड्रोन शो, वाटर स्पोर्ट्स, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य आकर्षण मुख्य होंगे, जिससे चतरा का यह ऐतिहासिक-धार्मिक स्थल आस्था, संस्कृति और रोमांच का केंद्र बनेगा।
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
