Home » News Update » पत्रकार निर्भीक होकर पत्रकारिता करें, किसी भ्रष्ट अधिकारी की गीदड़ भापकी से नहीं डरें: शाहनवाज हसन

पत्रकार निर्भीक होकर पत्रकारिता करें, किसी भ्रष्ट अधिकारी की गीदड़ भापकी से नहीं डरें: शाहनवाज हसन

🔴 मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, नगर आयुक्त के विरुद्ध कार्रवाई होने तक आंदोलन रहेगा जारी

🔴 नगर आयुक्त की कार्यशैली के विरोध में JJA हजारीबाग एवं प्रेस क्लब का संयुक्त धरना प्रदर्शन।

🔴 जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने दिया समर्थन।

 

हजारीबाग। नगर आयुक्त की कार्यशैली और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में झारखण्ड जर्नलिस्ट एसोसिएशन हजारीबाग जिला इकाई एवं हजारीबाग प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को पुराने समाहरणालय के समक्ष धरना स्थल पर एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना के माध्यम से पत्रकारों ने अपने सम्मान, स्वतंत्रता और प्रेस की गरिमा की आवाज बुलंद की। कार्यक्रम को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और प्रबुद्धजनों का व्यापक समर्थन मिला। वक्ताओं ने पूरे घटनाक्रम की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए नगर आयुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

धरना की अध्यक्षता जेजेए हजारीबाग जिला अध्यक्ष सह प्रेस क्लब के संरक्षक कृष्णा गुप्ता ने की, जबकि संचालन हजारीबाग प्रेस क्लब के सचिव दीपक सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ पत्रकार विकास सिंह ने किया। धरना को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकारों का अधिकार है। सरकारी अधिकारियों का प्रेस क्लब पहुंचकर कागजात मांगना और पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। पूर्व विधायक अकेला यादव ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच मजबूत कड़ी हैं। उनकी आवाज दबाने या उन्हें डराने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। महापौर अरविंद राणा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और जनहित के मुद्दों को सामने लाना उनकी जिम्मेदारी है। पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार उचित नहीं है। पूरे मामले में सभी पक्षों की बात सुनकर निष्पक्षता के साथ उचित कार्रवाई होनी चाहिए। झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) के संस्थापक शाहनवाज हसन ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है।पत्रकार निर्भीक होकर पत्रकारिता करें, किसी भ्रष्ट अधिकारी की गीदड़ भापकी से नहीं डरें।पत्रकारों का दायित्व जनता की आवाज उठाना और सरकारी व्यवस्था से सवाल करना है। यदि किसी खबर से किसी अधिकारी को आपत्ति है तो उसे तथ्यों के साथ जवाब देना चाहिए, न कि पत्रकारों के बीच पहुंचकर प्रेस क्लब के दस्तावेज मांगना चाहिए। श्री हसन ने कहा कि पत्रकारों को डराने धमकाने वाले अधिकारी लोकतंत्र के सबसे बड़े दुश्मन हैं और उन्हें सरकार द्वारा महत्वपूर्ण दायित्व नहीं सौंपा जाना चाहिए।जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता ने कहा कि पत्रकार समाज की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए। प्रेस क्लब पहुंचकर दस्तावेज मांगने और पत्रकारों के साथ हुए कथित व्यवहार की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि पत्रकारों का सम्मान लोकतांत्रिक व्यवस्था के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मामले में उचित जांच और कार्रवाई की मांग की। अन्य वक्ताओं ने भी नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पत्रकारों के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की।

 

मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

 

धरना-प्रदर्शन के समापन के बाद हजारीबाग प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम हजारीबाग डीडीसी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पूरे घटनाक्रम से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की गई।

 

राजनीतिक और सामाजिक संगठनों का मिला समर्थन

 

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करने एवं समर्थन देने वालों में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप, हजारीबाग सदर विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी मुन्ना सिंह, पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी डॉ. आरसी प्रसाद मेहता, कांग्रेस प्रदेश संयोजक विनोद कुशवाहा, बटेश्वर मेहता, कांग्रेस प्रदेश सचिव रेणु कुमारी, पूर्व डिप्टी मेयर आनंद देव, कांग्रेस नेता सुरजीत नागवाला, पूर्व सैनिक वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद ओझा, बरकट्ठा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनूप भाई, वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन के अध्यक्ष निर्मल जैन, सीपीआई नेता कामरेड मजीद अंसारी, कामरेड महेंद्र राम, भाजपा नेता मनमीत अकेला, विशाल वाल्मीकि, प्रोफेसर सुकल्यान मोइत्रा, कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष दीपक नाथ सहाय, भाजपा नेता भैया अभिमन्यु प्रसाद, शहीद जयमंगल पांडेय के वंशज सच्चिदानंद पांडेय, जिला परिषद सदस्य जीतन राम, शिवलाल महतो, शेफाली गुप्ता, जदयू नेता अर्जुन मेहता, चंद्र मोहन पटेल, सीपीएम जिला सचिव गणेश कुमार सीटू, झामुमो छात्र नेता चंदन सिंह, सरफराज अहमद, संजर मलिक, हरीश श्रीवास्तव, बबलू कुशवाहा, मनोज गुप्ता, रविंद्र पासवान, छात्र नेता जीवन यादव, आशीष कुमार, बप्पी करण, इंजीनियर अमन कुमार एवं वरिष्ठ पत्रकार जावेद इस्लाम समेत कई उपस्थित थे।

धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने में हजारीबाग प्रेस क्लब के पदाधिकारियों, पत्रकारों सहित पूरे जिले के पत्रकारों और सहयोगी साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के मुद्दों पर सवाल उठाने वाली पत्रकारिता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और पत्रकारों के सम्मान की लड़ाई लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की लड़ाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

FOLLOW US

POll

[democracy id="1"]

TRENDING NEWS

Advertisement

GOLD & SILVER PRICE

Rashifal