बेरमो: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी मजदूर यूनियन कार्यालय में बुधवार को भाकपा बोकारो थर्मल शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक राजकिशोर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक के दौरान स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के मुद्दे पर डीवीसी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन को और धार देने का फैसला किया गया। बैठक की शुरुआत में शाखा सचिव रामेश्वर साव ने आयोजन के उद्देश्यों और इसकी महत्ता पर विस्तार से अपनी बात रखी। इस मौके पर जिला मंत्री गणेश प्रसाद महतो ने केंद्र सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए आगामी संघर्षों की रूपरेखा साझा की। वहीं, अंचल मंत्री ब्रजकिशोर सिंह ने अंचल की संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की और कार्यकर्ताओं से पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में तय किया गया कि महंगाई के खिलाफ 1 से 3 दिसंबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी आंदोलन का असर बोकारो थर्मल में भी दिखेगा। इस आंदोलन की रणनीति और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 30 नवंबर को शाखा की अगली बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, कैलाश महतो के 50वें शहादत दिवस के अवसर पर नारायणपुर में होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई l आयोजन में मुख्य रूप से जानकी महतो, असीम तिवारी, अमृत महतो, सरजू महतो, जागेश्वर महतो, रेवतलाल महतो, पप्पु शर्मा, रामचंद्र ठाकुर और अर्जुन राम समेत बड़ी संख्या में पार्टी सदस्य व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट -राजेश सागर
