पेटरवार (बोकारो)। रांची के बिरसा मुंडा चौक पर झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा एवं विभिन्न आंदोलनकारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर आयोजित अनिश्चितकालीन आमरण अनशन और धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के उद्देश्य से बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड अंतर्गत खेतको पंचायत से भी आंदोलनकारियों का एक काफिला रांची के लिए रवाना हुआ।

इस काफिले का नेतृत्व झारखंड आंदोलनकारी सदस्य इस्लाम अंसारी ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी रांची पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने और संघर्ष को मजबूती प्रदान करने के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ऐसे में उनके सम्मान, अधिकार और जायज मांगों को लेकर चल रहे संघर्ष में सभी को एकजुट होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

आंदोलनकारियों ने संकल्प जताया कि जब तक आंदोलनकारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। खेतको पंचायत से रवाना हुआ यह काफिला आंदोलनकारियों की एकजुटता और अपने अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश लेकर रांची पहुंचा।
