रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को झारखंड विधानसभा परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
अपने संदेश में अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के खिलाफ जनचेतना जागृत की। साथ ही जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संगठित किया।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और स्वतंत्रता की आकांक्षा का प्रतीक है। झारखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, जनजातीय गौरव और सामाजिक चेतना के निर्माण में धरती आबा का योगदान अतुलनीय है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों ने झारखंड की अलग पहचान एवं अस्तित्व को वैचारिक आधार प्रदान किया है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सभी को एक समृद्ध, समावेशी और विकसित झारखंड के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
