बोकारो: जिला के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं के खिलाफ सीआईएसएफ लगातार छापेमारी कर रही है, इसके बावजूद अवैध काले सोने का कारोबार बदस्तूर जारी है। 14 सितंबर 2026 सोमवार को केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई, सीसीएल करगली के द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार एरिया डोमिनेशन गश्ती एवं छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीआईएसएफ ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 41 टन अवैध कोयला जब्त किया है।सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच की खुफिया सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने सीसीएल परियोजना के कल्याणी से गुजरने वाले रोड के पास एम्बुश लगाया था।
एम्बुश के दौरान दो पिकअप वैन जिसका पंजीयन संख्या जेएच 10 डीसी 4376 एवं बीआर 10 जीबी 0819 है, जिसमें कोयला लोड था, सीआईएसएफ के जवानों ने आते हुए देखा और उसे रुकने का इशारा किया। ड्राइवर सीआईएसएफ के जवानों को देखकर वाहन छोड़कर नजदीकी गांव में भाग गए। तदोपरांत वाहन के मालिक के बारे में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया गया, किन्तु वाहन के मालिक का पता नहीं चल पाया। अंततः एम्बुश में तैनात बल सदस्यों द्वारा उक्त दोनों वाहनों को जब्त कर उसमें लदे लगभग 09 टन कोयले को जब्त किया गया। कोयला एवं उक्त वाहनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम 1957 के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाने की प्रक्रिया चल रही है।
वहीं सीआईएसएफ अतिरिक्त क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि बेरमो थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमलो रेलवे साइडिंग के नजदीक 05 नंबर पीपल ढोरा बस्ती में कोयला चोरों द्वारा अवैध रूप से कोयला इकट्ठा कर रखा गया है। उक्त सूचना की सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच द्वारा पुष्टि किए जाने के उपरांत तत्काल इसकी सूचना जीएम राजीव कुमार सिंह को दी गई। जीएम राजीव कुमार सिंह एवं कमांडेंट द्वारा छापामारी दल को सक्रिय कर संयुक्त रूप से सीआईएसएफ व सीसीएल सुरक्षा गार्ड द्वारा 05 नंबर पीपल ढोरा बस्ती एरिया में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ छापेमारी की गई तथा वहां से लगभग 32 टन अवैध कोयला जब्त किया गया।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा सीआईएसएफ को एमएमडीआर एक्ट के अंतर्गत प्रदत्त नवीन अधिकारों के तहत करगली क्षेत्र में की गई यह 14वीं बड़ी कार्रवाई है। इस प्रावधान के लागू होने के बाद सीआईएसएफ अब अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए अधिकृत है। इससे अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। सूत्रों के अनुसार अवैध कोयला परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। इस एम्बुश दल में सहायक कमांडेंट गारा अभिलाष, वर्पे सार्थक बाबाजी, इंस्पेक्टर रवि रंजन, सब इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, आसूचनाकर्मी, एरिया सिक्योरिटी इंचार्ज सुरेश सिंह व सीआईएसएफ क्यूआरटी टीम के जवान शामिल थे।
मोहम्मद सेराज की रिपोर्ट,
Author: Shamsher Editor in chief
14/08/1980
